BJ Sports – Cricket Prediction, Live Score ক্রিকেট ফ্রি প্রেডিকশন

‘एक साल तक चोटिल रहना उसके बाद यहां…’- मोहसीन खान की तारीफ में मार्कस स्टोइनिस ने कही बड़ी बात

#image_title

Mohsin Khan Marcus Stoinis (Photo Source: BCCI/IPL)

लखनऊ सुपर जायंट्स ने पिछले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 5 रनों से शानदार जीत दर्ज की थी। लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रुणाल पांड्या (49 रन) और मार्कस स्टोइनिस के (89 रन) के बल पर 177 रन बोर्ड पर लगाए थे। मुंबई इंडियंस को जीत के लिए आखिरी ओवर में 11 रनों की जरूरत थी।

लेकिन मोहसीन खान की कमाल की गेंदबाजी के चलते मुंबई अंत तक 5 विकेट के नुकसान पर 172 रन ही बना पाई। इस जीत के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ के करीब पहुंच गई है। लखनऊ के जीत के बाद मार्कस स्टोइनिस मोहसीन खान की जमकर तारीफ करते हुए नजर आए।

चोट के बाद ऐसी वापसी शानदार है- मार्कस स्टोइनिस

मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मुकाबले में मार्कस स्टोइनिस ने 47 गेंदो में 4 चौके और 8 छक्को की मदद से 89 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। मुंबई के खिलाफ मार्कस स्टोइनिस ने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी अपने नाम किया।

पोस्ट मैच प्रजेंटेशन के दौरान मार्कस स्टोइनिस मोहसीन खान की जमकर तारीफ करते हुए नजर आए। मार्कस स्टोइनिस ने कहा, ‘हां ये मोहसीन खान के लिए शानदार पल है, एक साल तक चोटिल रहना उसके बाद यहां आना और टोटल का बचाव करना यह शानदार है।’

मैंने क्रिकेट खेलने की उम्मीद छोड़ दी थी- मोहसीन खान

चोट से जूझने के बाद मोहसीन खान ने आईपीएल 2023 के मौजूदा सीजन में वापसी की। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मोहसीन खान इस सीजन का तीसरा मुकाबला ही खेल रहे थे। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मोहसीन खान ने 3 ओवर में 26 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया था। शानदार प्रदर्शन के बाद मोहसीन खान ने खुलासा किया था कि उन्होंने वापस से क्रिकेट खेलने की उम्मीद छोड़ दी थी।

मोहसीन खान ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, ‘यह बहुत कठिन समय था और मैंने एक समय पर तो क्रिकेट वापस से खेलने की पूरी उम्मीद छोड़ दी थी। क्योंकि मैं अपना हाथ भी नहीं उठा पा रहा था। गेंदबाजी तो भूल ही जाइए मैं अपना हाथ भी सीधा नहीं कर पा रहा था। मेरे फिजियो ने मेरे साथ काम किया। यह बहुत डरावना था, क्योंकि डॉक्टर ने कहा था कि अगर मैं एक महीने और देरी हो जाता तो उन्हें मेरा हाथ काटना पड़ता।’

Exit mobile version